चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम वासियों को आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की बड़ी सौगात देते हुए शनिवार को 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) के बेड़े में शामिल की गई ये बसें यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करने और वायु प्रदूषण नियंत्रित करने में भी अहम भूमिका निभाएंगी।

ये बसें गुरुग्राम जिले के 20 विभिन्न रूटों पर संचालित होंगी, जिससे शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 17 करोड़ की लागत से विकसित सेक्टर-48 स्थित जीएमसीबीएल के नए ई-बस डिपो का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर तथा गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा भी गरिमामयी उपस्थिति में शामिल हुए।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरुग्राम के विकास और सार्वजनिक परिवहन के इतिहास में आज एक नई शुरुआत हुई है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत 100 इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ और सेक्टर-48 में आधुनिक ई-बस डिपो का लोकार्पण गुरुग्राम को स्वच्छ, सुगम और आधुनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल शहर की बढ़ती परिवहन जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करेगी।

