चण्डीगढ: आयुर्वेद के प्रति भरोसा और विश्वास हर उम्र के लोगों में बढ़ रहा है। खासकर बुजुर्ग आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति पर भरोसा जता रहे हैं। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), पंचकूल की ओर से प्रयोग फाउंडेशन के सौजन्य से सेक्टर-27 चंडीगढ़ सामुदायिक केंद्र में आयोजित निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर में 95 वर्षीय एचके ढींगरा और 91 वर्षीय कंवलजीत सिंह स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे। वहीं, 90 वर्षीय कौर सिंह की भी शिविर में सहभागिता रही। शिविर के दौरान 70 बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच की गई, जिसमें सभी बुजुर्ग 60 वर्ष की आयु से ऊपर थे।
आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वाधान में संस्थान के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) संजीव शर्मा व डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी के मार्गदर्शन में आयोजित निशुल्क शिविरों के माध्यम से आयुर्वेद के साथ आमजन को जोडने की मुहिम है। शिविर में स्टेट कौंसिल ऑफ सीनियर सिटीजन चंडीगढ़ प्रशासन की सदस्य शिखा निजावन और सदस्य जसजोत सिंह अलमस्त विशेष तौर पर मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता प्रयोग फाउंडेशन के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने की। मेडिकल ऑफिसर एवं कैंप प्रभारी डॉ. शीन्षा पी अगुवाई में चिकित्सकों की टीम ने बुजुर्गों के स्वास्थ्य जांच की।
स्टेट कौंसिल ऑफ सीनियर सिटीजन चंडीगढ़ प्रशासन की सदस्य शिखा निजावन ने कहा कि निशुल्क चिकित्सा शिविर वरिष्ठ नागरिकों को अपने स्वास्थ्य की देखभाल के प्रति सजग रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। बढ़ती उम्र में नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है। स्टेट कौंसिल ऑफ सीनियर सिटीजन चंडीगढ़ प्रशासन के सदस्य जसजोत सिंह अलमस्त ने कहा कि एनआईए, पंचकूला की वरिष्ठ नागरिकों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन सराहनीय पहल है। ऐसे शिविरों से बुजुर्गों को घर के नजदीक स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिलती है।
मेडिकल ऑफिसर डॉ. शीन्षा पी. ने कहा कि डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व तथा डीएमएस डॉ. गौरव गर्ग के निर्देशन में एनआईए का उद्देश्य आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति और स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। सेक्टर-27 चण्डीगढ में आयोजित शिविर में 70 बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच की गई, इनमें पाचन संबंधी बीमारियों, चमड़ी रोग, जोड़ों का दर्द, हड्डियों से संबंधित बीमारियां, शुगर, बीपी तथा सर्वाइकल से संबंधित बीमारियां शामिल थी।

