चण्डीगढ: हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भाग लेना भी बेहद जरूरी है। खेल हमें हार और जीत को समान भाव से स्वीकार करना, कठिन परिस्थितियों में संघर्ष करना और लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करना सिखाते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेलों तथा सकारात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा शनिवार को यमुनानगर के मुस्तफाबाद में आयोजित दो दिवसीय तेज प्रकाश सिंह मेमोरियल स्पोर्ट्स मेला-2026 का शुभारंभ कर रहे थे। उन्होंने खिलाडियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान देश में खेलों की नर्सरी के रूप में है। प्रदेश के खिलाडियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। राज्य सरकार भी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

