हांसीः हरियाणा के हांसी जिले में कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ के पैतृक गांव पेटवाड़ में बाइक सवार बदमाशों ने प्रॉपर्टी कारोबारी के घर पर फायरिंग करके दहशत फैला दी। वारदात के समय कारोबारी पड़ोस में हुई एक मौत पर शोक जताने गए हुए थे। घर में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। बाइक सवार बदमाशों ने कारोबारी का नाम लेकर आवाज लगाई। कुछ देर तक कोई बाहर नहीं आया तो उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग की और फरार हो गए। पेटवाड़ निवासी उमेश ने बताया कि उनके पिता धर्मपाल की उम्र करीब 60 साल है।
वे प्रॉपर्टी कारोबार के साथ नारनौंद अनाज मंडी में आढ़त की दुकान नंबर 10 भी संभालते हैं। शुक्रवार रात करीब सवा 9 बजे एक व्यक्ति बाइक से उनके घर पहुंचा। उसने बाहर से उनके पिता धर्मपाल का नाम लेकर आवाज लगाई। उस समय पिता धर्मपाल पड़ोस में हुई एक मौत पर शोक जताने गए हुए थे। उमेश के मुताबिक, जब कोई बाहर नहीं गया तो आरोपी ने घर के मुख्य गेट से एक फायर किया।
इसके बाद अंदर घुसकर तीन राउंड और गोलियां चलाईं। इनमें से तीन गोलियां घर के अंदर खड़ी गाड़ी में लगीं। आरोपी ने अपना चेहरा ढका हुआ था। उमेश ने बताया कि घटना के समय घर में उनकी पत्नी, बच्चे, भाई-भाभी, उनके बच्चे और मां मौजूद थे। उमेश ने कहा कि उनकी किसी से कहासुनी या विवाद नहीं है। अचानक हुए घटनाक्रम से परिवार सहमा हुआ है। उमेश ने बताया कि उनकी किसी के साथ न तो कोई कहासुनी हुई है और न ही कोई विवाद चल रहा है।
इसके अलावा न किसी से दुश्मनी थी और न ही किसी तरह की रंजिश। ऐसे में उनके साथ हुई घटना ने परिवार को भी हैरान कर दिया है। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम, सीआईए नारनौंद और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल देखा और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। नारनौंद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जोगिन्द्र सिंह ने बताया कि जांच जारी है। सीसीटीवी में एक लड़का कैद हुआ है, जिसकी पहचान की जा रही है। फायरिंग का कारण अभी पता नहीं चला है। पुलिस परिवार से बात कर रही है।

