नूंहः नूंह साइबर अपराध के विरुद्ध पुलिस की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में आगे बढ़ते सीआईए पुनहाना की टीम ने साइबर अपराध के आरोप में बाप-बेटे को गिरफ्तार किया है। बेटे पर सेक्सटॉर्शन का आरोप है, जबकि पिता पहले से दर्ज एक मामले में आरोपी था और उस पर 1000 रुपए का इनाम भी घोषित था।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पहले मामले में पुलिस ने सेक्सटॉर्शन के आरोप में बेटे जुनैद पुत्र फारुख निवासी मड़ियाकी थाना बिछोर को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ साइबर थाना नूंह में मामला दर्ज है। आरोपी के कब्जे से 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें 3 सिम कार्ड इस्तेमाल किए जा रहे थे।
आरोपी का तरीका यह था कि वह अनजान पुरुषों से रैंडम संपर्क कर सेक्सटिंग के बहाने बातचीत शुरू करता था। बातचीत के दौरान वह अपने मोबाइल से न्यूड वीडियो कॉल करता था, साथ ही दूसरे डिवाइस में पहले से रिकॉर्ड किया न्यूड वीडियो अपने मोबाइल कैमरे के सामने चलाता था।
पूरी वीडियो कॉल की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर वह लाइव टू-वे इंटरैक्शन का भ्रम पैदा करता था। बाद में रिकॉर्ड किया वीडियो पीड़ित को भेजकर उसे ऑनलाइन वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग करता था। जांच में पोर्टल पर एक शिकायत भी दर्ज मिली है। आरोपी को आगे की जांच के लिए साइबर क्राइम थाना नूंह को सौंप दिया गया है।
दूसरे मामले में पुलिस ने पिता फारुख पुत्र राजू निवासी मड़ियाकी थाना बिछोर को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ भी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है। आरोपी पर 1000 रुपए का इनाम घोषित था और उसे भी सीआईए स्टाफ पुनहाना ने गिरफ्तार किया है। संबंधित थाने को सूचना दे दी गई है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच में जुटी हुई है।

