लुधियानाः शहर में युवाओं ने एक जेब काटने के आरोपी की पिटाई कर दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया है। आरोपी ने कैमरे के सामने अपना जुर्म कबूल किया और माफी मांगी। ये घटना आतम नगर विधानसभा क्षेत्र में अमरिंदर सिंह राजा वडिंग द्वारा आयोजित इंसाफ मार्च के दौरान पेश आई।
आतम नगर विधानसभा क्षेत्र में अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के नेतृत्व में निकाले जा रहे इंसाफ मार्च के दौरान किसी की जेब से पैसे चोरी हो गए। वहां मौजूद लोगों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। हालांकि वह व्यक्ति माफी मांगता हुआ दिखाई दिया, लेकिन अंततः उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जिस व्यक्ति की जेब से पैसे निकाले गए थे, उसने बताया कि वह रैली में शामिल होने आया था। अचानक उसे अपनी जेब में किसी का हाथ महसूस हुआ, पीछे मुड़कर देखने पर उसे पता चला कि उस व्यक्ति ने उसके पैसे निकाल लिए हैं। जब उस व्यक्ति की शर्ट की तलाशी ली तो उसमें से पैसे निकल आए।
पीड़ित ने बताया कि उसे अपने पूरे पैसे वापस मिल गए हैं, लेकिन उन्होंने आरोपी को पुलिस को सौंप दिया ताकि आगे कोई और इस तरह की घटना का शिकार न बने। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी। कैमरे के सामने युवक ने माफी मांगी और वायदा किया कि वह भविष्य में ऐसा काम दोबारा नहीं करेगा।

