6 वर्षीय मासूम की पुकार- “पापा घर आ जाओ, मुझे आपके साथ सोना…
लुधियानाः बठिंडा में एक गंदे नाले के पास कपड़ा व्यापारी का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान पंकज अरोड़ा के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार पकंज के दोस्त मिक्की आहूजा ने साथियों संग मिलकर अपहरण करने के बाद निर्मम हत्या कर दी। पकंज का आज 30 घंटे बाद शव बरामद हुआ। इस पूरी घटना का सबसे दर्दनाक पहलू पंकज का छह साल का मासूम बेटा है। जिसे शायद अभी यह भी समझ नहीं आ रहा कि उसके पिता अब कभी वापस नहीं आएंगे। मासूम की अपने पिता से कही गई यह बात हर किसी की आंखें नम कर रही है। दरअसल, मासूम कह रहा है कि “पापा घर आ जाओ, मुझे आपके साथ सोना है…।” जिस घर में कुछ दिन पहले तक पिता और बेटे की हंसी गूंजती थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
एक मासूम अपने पिता का इंतजार कर रहा है और परिवार उस इंसान को खोने का दर्द सह रहा है। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने की नीयत से युवक के शव को एक छप्पर में फेंक दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर करीब एक महीने पहले ही पंकज को लूटने की योजना बनानी शुरू कर दी थी। प्रॉपर्टी के सौदे का बहाना बनाकर उसे सोने के आभूषण पहनकर बुलाना भी इसी साजिश का हिस्सा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार 13 तोले सोना लालच की वजह बना है। पुलिस इस मामले में हत्या के पीछे लूट और पैसों के लालच के एंगल से जांच कर रही है। थाना डिविजन नंबर-4 की पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी मिक्की आहूजा सहित तीन आरोपियों से पूछताछ के दौरान हुए इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पुलिस टीम शव बरामद करने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गई है।
थाना डिविजन नंबर-4 की पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मिक्की आहूजा तथा उसके दो साथियों अजय सिंह और शिवा को गिरफ्तार किया था। पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई सख्त पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए खुलासा किया कि उन्होंने पंकज अरोड़ा को अगवा करने के बाद मौत के घाट उतार दिया है और उसका शव एक छप्पर में फेंक दिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस फोर्स शव को बाहर निकालने के लिए मौके पर जुटी हुई है। पुलिस अब इस मामले में हत्या की संगीन धाराएं जोड़ने की कार्रवाई कर रही है।
इस संबंध में मृतक के साले रोहित मनचंदा ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि बीती 25 नवंबर की शाम करीब 6:46 बजे उसका जीजा पंकज अरोड़ा पुत्र जीवन कुमार अपनी एक्टिवा स्कूटर पर सवार होकर अपने परिचित दोस्त मिक्की आहूजा से मिलने के लिए घर से निकला था। जब देर रात तक पंकज अरोड़ा घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पंकज की एक्टिवा मन्ना सिंह नगर की झुग्गियों के नजदीक लावारिस हालत में खड़ी मिली, जिसके बाद अपहरण की आशंका गहरा गई थी।
शिकायतकर्ता रोहित मनचंदा ने पुलिस को बताया कि घर से जाते समय उसके जीजा पंकज अरोड़ा ने भारी मात्रा में सोने के जेवरात पहने हुए थे, जिनमें 8 तोले सोने की चेन, 5 तोले सोने का कड़ा, 5 सोने की अंगूठियां शामिल थीं। रोहित ने अपने स्तर पर की गई पड़ताल के आधार पर आरोप लगाया था कि मिक्की आहूजा ने अपने साथियों शिवा, सचिन, अजय और 3-4 अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर उसके जीजा को जान से मारने की नीयत से अगवा किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव बरामद करने के साथ-साथ लूटे गए सोने के आभूषण रिकवर करने और वारदात में शामिल फरार आरोपी सचिन व 3-4 अज्ञात साथियों को दबोचने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

