रुद्रपुरः उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में कुछ लोगों ने सेना के एक सेवानिवृत्त अधिकारी के परिवार पर हमला कर दिया और उनकी कार को नुकसान पहुंचाया। जिसकी सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि हमलावर एक सोने की चेन भी छीन ले गए। पुलिस उपाधीक्षक (DSP) विभव सैनी ने बताया कि पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है और पुलिस अब इस फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक ये घटना 25 नवंबर की देर रात करीब 11:30 बजे बिगवाड़ा गेट के पास हुई। कुछ लोगों ने रास्ता पूछने के बहाने कार को रोकने की कोशिश की। कुछ संदिग्ध लगने पर ड्राइवर सुखमन सिंह बाजवा ने कार नहीं रोकी और आगे बढ़ते रहे। जिसके बाद मोटरसाइकिल और स्कूटर पर सवार चार-पांच लोगों ने गाड़ी का पीछा किया और एक रिहायशी कॉलोनी के पास उसे घेरकर हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने बंदूक दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, हाथापाई की और कार की खिड़कियां तोड़ दी। ये भी आरोप है कि उन्होंने बाजवा के गले से सोने की चेन छीन ली।
सुखमन सिंह पंजाब के रहने वाले सेवानिवृत्त कर्नल साधु सिंह बाजवा के बेटे हैं। घटना के समय वह गदरपुर इलाके के केशवगढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपनी पत्नी, मां, बहन और चाची के साथ घर लौट रहे थे। हमले से कार में मौजूद महिलाएं और परिवार के अन्य सदस्य बुरी तरह डर गए। किसी तरह परिवार वहां से सुरक्षित निकलने में कामयाब रहा। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।

