लुधियानाः हरियाणवी सिंगर काशीनाथ समेत 3 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। गायक पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगा है। दरअसल, आरोप है कि सिंगर काशीनाथ ने लाइव स्टेज शो में हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया। पुलिस ने शिव सेना पंजाब के राष्ट्रीय चेयरमैन राजीव टंडन की शिकायत पर कार्रवाई की है।
टंडन ने 1 अक्टूबर को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वीडियो में काशीनाथ माता पार्वती और भगवान गणेश पर विवादित टिप्पणी कर रहा था। शिकायत में ‘दल पंथ बाबा बुड्ढा दल’ फेसबुक पेज पर प्रताप सिंह द्वारा अपलोड किए गए एक अन्य वीडियो का भी जिक्र है। आरोप है कि इसमें भगवान हनुमान और हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।
‘अकालगतीआ’ फेसबुक पेज पर भी विवादित वीडियो साझा किया गया था। पुलिस ने BNS की धारा 299 के तहत मुकदमा नंबर 315 दर्ज किया है। 25 नवंबर को दर्ज केस में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। सिंगर पर अब गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। मामले की जांच हवलदार मनदीप सिंह कर रहे हैं। काशीनाथ पिछले साल गोल्ड का 10 तोले सोने का कड़ा लौटाने से सुर्खियों में आए थे। काशीनाथ हरियाणा के कैथल में जन्मे हैं लेकिन इस वक्त मोहाली में रहते हैं।

