लुधियानाः शिमलापुरी में एक निहंग बाणे वाले शख्स ने अपनी ही पत्नी के घर वालों पर बरछे से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी पति ने अपने ससुर,साले और भाभी को सरेआम सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और बरछे से वार कर लहूलुहान कर दिया। इस पूरी वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है जिसमें आरोपी का खौफनाक चेहरा कैद हो गया है। पीड़ित पत्नी ने अपने पति पर नकली निहंग होने और बाणे की आड़ में गुंडागर्दी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पत्नी सतिंदर कौर ने बताया कि उसका भाई बीमार था इसलिए वह अपनी सास को बताकर मायके गई थी। लेकिन ससुराल वाले उसे मायके वालों से मिलने-जुलने नहीं देते थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। जब मोरिंडा से उसके पिता अमृतपाल सिंह, छोटा भाई और अन्य परिजन एक दोस्त की गाड़ी में बैठकर बात करने लुधियाना पहुंचे तो आरोपी पति जस्पाल सिंह पहले से ही हथियार लेकर तैयार बैठा था।
परिजनों के पहुंचते ही जस्पाल सिंह ने उन पर बरछे से हमला बोल दिया। हमले में सतिंदर कौर के छोटे भाई के लात में गहरा बरछा लगा जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बचाव करने आए ससुर अमृतपाल सिंह और परिवार की महिला (भाभी/बहन) पर भी बरछे से वार किया गया जिससे उनकी बांह पर चोट आई। आरोपी ने उनके मोबाइल फोन तोड़ दिए और जिस गाड़ी में वे मोरिंडा से आए थे उस पर भी बरछे चलाकर तोड़फोड़ की। खून अधिक बहने के कारण परिजन पहले घायल भाई को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां उसका इलाज चल रहा है।
पीड़ित पिता अमृतपाल सिंह और पत्नी सतिंदर कौर ने बताया कि करीब 10 साल पहले अखबार में विज्ञापन के जरिए उनकी शादी जस्पाल सिंह से हुई थी। शादी के बाद पता चला कि यह जस्पाल की तीसरी शादी थी और वह पहले दो पत्नियों को छोड़ चुका है। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने दहेज और पैसों के लिए मारपीट शुरू कर दी। सतिंदर कौर और उनके पिता ने आरोपी के निहंग बाणे पर बड़े सवाल उठाते हुए कई चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं।
शादी के समय जस्पाल सिलाई का काम करता था और निहंग नहीं था। करीब 4-5 साल पहले ही उसने निहंग बाणा धारण किया है। पत्नी का आरोप है कि उसने यह बाणा सिर्फ लोगों को डराने-धमकाने और बदमाशी करने के लिए पहना है। पिता अमृतपाल सिंह के मुताबिक जस्पाल ने शादी में दिया सारा सामान तोड़फोड़ कर बेच दिया। घायल भाई का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सतिंदर कौर ने पुलिस थाना डाबा की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वे पहले भी कई बार थाने के चक्कर काट चुकी हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। अब पानी सिर से ऊपर जा चुका है और वह इस व्यक्ति के साथ नहीं रहना चाहतीं। पीड़ित परिवार ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

