पंचकूलाः देशभर में आज श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। वहीं गुरु पर्व के उपलक्ष्य में ऐतिहासिक गुरुद्वारा नाडा साहिब को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से दुल्हन की तरह सजाया गया है। शाम होते ही रोशनी से जगमगाता गुरुद्वारा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन रहा है। पर्व को लेकर संगत में खासा उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। सुबह से ही बड़ी संख्या में सिख संगत गुरुद्वारे में माथा टेकने और गुरु घर का आशीर्वाद लेने पहुंच रही है।
इस दौरान गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से संगत के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। वहीं, गुरुद्वारा साहिब को फूलों से बेहद खूबसूरती के साथ सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। वहीं, गुरुद्वारा श्री नाडा साहिब के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी जगजीत सिंह ने बताया कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में यह पर्व मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को एक समान मानने, आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया था। आज जरूरत है कि हम उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएं। इसके साथ ही उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशे से दूर रहने और गुरबाणी के साथ जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को गुरु साहिब की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर अच्छे मार्ग पर चलना चाहिए। अंत में ज्ञानी जगजीत सिंह ने देश और प्रदेश की समस्त संगत को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

