नई दिल्लीः ट्रेन में यात्रा के दौरान यात्रियों के परोसे जाने वाले खाने में कटौती शुरू हो गई है। नाश्ता के साथ ही दोपहर से रात के खाने में मिलने वाले 8 से 10 तरह के व्यंजन के तरह अब मात्र चार आइटम परोसे जाएंगे। सूप, सलाद, दही, अचार अब थाली में नहीं होंगे। वंदे भारत स्लीपर से इसकी शुरुआत हो गई है। इसे लेकर यात्रियों से मिलने वाली प्रतिक्रिया का आकलन करने के बाद अन्य ट्रेनों में यह व्यवस्था लागू की जाएगी।
भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम का कहना है कि भोजन की गुणवत्ता में सुधार के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। आईआरसीटीसी ने एक नवंबर से नई दिल्ली-वाराणसी, मुंबई-बेंगलुरु और हावड़ा-कामाख्या तीनों वंदे भारत स्लीपर में छोटा मेन्यू लागू कर दिया है। अब एक थाली में 8-10 की जगह सिर्फ 4 आइटम दिए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि खाने की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर शिकायतों के बाद यह फैसला लिया है।
नए मेन्यू में नाश्ते से सूप, आमलेट, आमलेट सैंडविच, वेज सैंडविच, छाछ और चाकलेट हटा दिया गया है। वहीं लंच और डिनर से सूखी सब्जी, दही, सलाद, अचार और मिठाई हटा दी गई है। अब नाश्ते में यात्रियों को चटनी-सांभर के इडली-वड़ा या पोहा या उपमा में से कोई एक विकल्प रहता है। दोपहर और रात के भोजन में चपाती, चावल, दाल और एक मुख्य सब्जी मिलेगी। नानवेज में चिकन का विकल्प मिलता है। मेन्यू में बदलाव से खाने की मात्रा में भी कमी आई है। पहले एक मील का वजन 700-750 ग्राम होता था, अब वह 450-500 ग्राम रह गया है।
आईआरसीटीसी का कहना है कि हर आइटम की मात्रा पहले जितना ही रहेगा। सिर्फ आइटम कम किए गए हैं। इस कारण मात्रा में कमी आई है। खाना बनाने का काम भी बदल दिया गया है।
आईआरसीटीसी अधिकारी ने कहा कि कम आइटम होंगे तो उसकी गुणवत्ता पर नजर रखना आसान होगा। अब रेलवे के पुराने वेंडर की जगह बड़े क्लाउड किचन खाना बनाएंगे। इस तरह के बदलाव से खानपान के शिकायतों में कमी आएगी। इस बदलाव का अध्ययन किया जा रहा है, जिससे कि इसे आगे जारी रखने और अन्य ट्रेनों में लागू करने पर निर्णय लिया जा सके।

