यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर में सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक एक 15 वर्षीय किशोर के लिए जानलेवा साबित हुआ। जगाधरी वर्कशॉप के पास मालगाड़ी के ऊपर चढ़कर वीडियो बनवाते समय दसवीं कक्षा का छात्र हाईवोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। उस समय किशोर बुरी तरह झुलस चुका था।
बुआ के बेटे के साथ कपड़े खरीदने निकला था केशव
मृतक की पहचान जवाहर नगर निवासी 15 वर्षीय केशव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, केशव अपने बुआ के बेटे आशीष के साथ नए कपड़े खरीदने के लिए घर से निकला था। दोनों ने कपड़े खरीदने के बाद वीडियो बनाने का प्लान बनाया। इसके बाद वे जगाधरी वर्कशॉप के सामने पहुंचे, जहां एक मालगाड़ी खड़ी हुई थी।
मालगाड़ी पर चढ़कर बनवा रहा था वीडियो
बताया जा रहा है कि वीडियो बनवाने के लिए केशव मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया, जबकि उसका चचेरा भाई आशीष नीचे खड़ा था। इसी दौरान आशीष के पास किसी का फोन आ गया और वह बात करने लगा। तभी केशव ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज बिजली की लाइन की चपेट में आ गया। बिजली का जोरदार झटका लगने से तेज धमाका हुआ और केशव बुरी तरह झुलस गया।
धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोग
धमाके की आवाज सुनकर आशीष ने ऊपर देखा तो केशव मालगाड़ी के ऊपर बेहोश पड़ा था। उसके शरीर से धुआं निकल रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
परिवार का इकलौता बेटा था केशव
इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। केशव दसवीं कक्षा में पढ़ता था और अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता एलआईसी एजेंट हैं और परिवार में उसकी एक छोटी बहन भी है। बेटे की अचानक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इससे पहले भी करंट लगने से हुई थी बच्चे की मौत
गौरतलब है कि जुलाई 2025 में भी यमुनानगर में बिजली का करंट लगने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी। यह घटना धर्मकोट गांव में हुई थी। जानकारी के अनुसार, बच्चा हाईटेंशन बिजली की तारों में फंसी पतंग निकालने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलसने के कारण उसकी मौत हो गई।

