ऊना,सुशील पंडित: वन्यजीवों के अवैध शिकार और वन्यजीव उत्पादों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऊना वन मंडल की टीम ने मेहतपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने एक आवासीय परिसर में तलाशी लेकर वहां से संदिग्ध वन्यजीव का मांस बरामद किया है। विभाग ने मांस को कब्जे में लेकर उसकी वास्तविक प्रजाति की पहचान के लिए जांच हेतु भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंडल वन अधिकारी-सह-वन्यजीव वार्डन ऊना की ओर से वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत जारी तलाशी वारंट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान परिसर से संदिग्ध वन्यजीव मांस बरामद हुआ। मौके पर संबंधित व्यक्ति ने इसे स्थानीय भाषा में साही (Porcupine) नामक वन्यजीव का मांस बताया। हालांकि, इसकी वास्तविक प्रजाति की पुष्टि अभी नहीं हुई है। वन विभाग ने मांस को आवश्यक परीक्षण और वैज्ञानिक पहचान के लिए पशु चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सालय बरनोह के पास भेजा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस विभाग को भी सूचित किया गया है। मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज करवाने सहित आगामी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। वन विभाग की टीम बरामद सामग्री और अन्य साक्ष्यों का नियमानुसार दस्तावेजीकरण कर रही है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों का अवैध शिकार, उनके अंगों और मांस का अवैध कब्जा तथा वन्यजीव उत्पादों का अवैध कारोबार वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत दंडनीय अपराध हैं। दोष सिद्ध होने पर अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाती है।
मंडल वन अधिकारी-सह-वन्यजीव वार्डन ऊना ने आम जनता से अपील की है कि वन्यजीवों के अवैध शिकार, उनके अंगों या मांस के संग्रहण और अवैध व्यापार से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत वन विभाग अथवा पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों और जैव विविधता का संरक्षण केवल विभाग की ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

