जालंधरः पंजाब को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से आम आदमी पार्टी की लीडरशिप द्वारा रविवार को फाइट अगेंस्ट ड्रग्स अभियान के तहत जालंधर में बाइक रैली निकाली गई। रैली की शुरुआत बर्ल्टन पार्क से हुई, जिसे पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत और आम आदमी पार्टी के जिला प्रधान अमृतपाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान जालंधर सेंट्रल हलके के इंचार्ज नितिन कोहली, जालंधर के मेयर वनीत धीर और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह सहित आम आदमी पार्टी की अन्य लीडरशिप मौजूद रही। रैली में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अलग-अलग स्पोर्ट्स बाइकों पर सवार होकर पहुंचे युवाओं ने नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि इस बाइक रैली का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे से दूर रखना और युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि युवा देश और पंजाब का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें नशे से दूर रहकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बल्टन पार्क से शुरू हुई यह बाइक रैली शहर के अलग-अलग इलाकों और विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए मॉडल टाउन स्थित शिवानी पार्क पहुंचेगी।

