जलालाबादः जलालाबाद के अराइयांवाला रोड स्थित बहल ब्रदर्स के गोदाम में नकाबपोश बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपियों ने तलवार की नोक पर चौकीदार को बंधक बनाकर बासमती धान के करीब 100 बैग (गट्टे) चोरी कर लिए। जिसके बाद आरोपी बाहर खड़ी पिकअप गाड़ी में धान को लोड कर फरार हो गए। चोरी धान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार चौकीदार रात को गोदाम में धान की ट्रॉली और ट्रैक्टर निकलने के बाद पिछले हिस्से में राउंड लगाने गया था। जब वह वापस आया तो गोदाम के अंदर पहले से मौजूद दो नकाबपोश युवकों ने तलवार की नोक पर उसे बंधक बना लिया। आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर वहां सो रहे मजदूरों को भी उनके कमरे में बाहर से लॉक कर दिया ताकि कोई बाहर न आ सके। जिसके बाद आरोपियों ने ट्रॉली में रखे धान के करीब 100 बैग उठाए और पिकअप गाड़ी में लादकर फरार हो गए। चौकीदार के मुताबिक आरोपी गोदाम की 10 फीट ऊंची दीवार पर लगी कंटीली तार को काटकर अंदर दाखिल हुए थे।
घटना के बाद पुलिस को 112 पर सूचना दी गई, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। गोदाम मालिक ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते कहा कि पिछले साल भी उनके गोदाम से 7 गट्टे चोरी हुए थे, जिसके बाद उन्होंने दीवारों को पक्का करवाकर ऊपर कंटीली तारें लगवाई थीं, लेकिन इस बार बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दे दिया।
वहीं घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पंजाब के पूर्व मंत्री हंस राज जोसन ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब में दिन-रात चोरियां और डकैतियां हो रही हैं, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है। उन्होंने एसएसपी फाजिल्का, डीएसपी जलालाबाद और एसएचओ सिटी से मांग की कि इस मामले में जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर माल की रिकवरी की जाए और उन्हें सख्त सजा दी जाए ताकि भविष्य में किसी की ऐसी हिम्मत न हो।

