शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिला के तपोवन, धर्मशाला से प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना’ के अंतर्गत जिला के विभिन्न बाल देखभाल संस्थानों (सीसीआई) में रह रहे 41 बच्चों के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण दल को झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस भ्रमण दल में जिला के चार बाल देखभाल संस्थानों के बच्चे शामिल हैं। इनमें सीसीआई सलियाणा के 11, सीसीआई तितली के नौ, सीसीआई दाड़ी के पांच तथा सीसीआई गरली के 16 बच्चे शामिल हैं। बच्चों की सुरक्षा, देखभाल और यात्रा के दौरान समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उनके साथ आवश्यक स्टाफ भी भेजा गया है।

यह पांच दिवसीय भ्रमण पालमपुर से शुरू होगा तथा इसके दौरान बच्चों को देश की राजधानी दिल्ली, आगरा, फतेहपुर सीकरी और जयपुर सहित अनेक ऐतिहासिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों का भ्रमण करवाया जाएगा। इस यात्रा के माध्यम से बच्चों को देश की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, सांकृतिक विविधता और गौरवशाली परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। बच्चों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था तीन सितारा होटलों में की गई है।

उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों का सामना करने वाले बच्चों को भी जीवन में आगे बढ़ने, अपने सपनों को साकार करने और सफलता प्राप्त करने के समान अवसर मिलने चाहिए। इस प्रकार के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण बच्चों के ज्ञान और अनुभव के दायरे को व्यापक बनाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने तथा देश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत के प्रति समझ विकसित करने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार निरंतर प्रयास कर रही है कि पारिवारिक परिस्थितियों के कारण कोई भी बच्चा व्यक्तिगत विकास और जीवन में आगे बढ़ने के अवसरों से वंचित न रहे।


