अमृतसर: खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा पहुंचा। जहां अमृतपाल सिंह दादी के शव को देखकर भावुक हो गए। अमृतपाल सिंह एक घंटे तक परिवार के साथ रहे। वहीं दादी का अंतिम संस्कार होने के बाद अमृतपाल सिंह को पुलिस असम जेल ले जाने के लिए रवाना हो गई। पंजाब पुलिस उन्हें दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक 3 घंटे की कस्टडी पैरोल पर असम की डिब्रूगढ़ जेल से अमृतसर लेकर आई थी। उन्हें शुक्रवार को असम जेल से दिल्ली लाकर सेफ हाउस में रखा गया था। अंतिम संस्कार की जगह पर पहुंचने के बाद समर्थकों ने अमृतपाल पर फूल बरसाए।
उधर, दिवंगत परमिंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह शनिवार को सांसद अमृतपाल सिंह की दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए खडूर साहिब पहुंचे। इस अवसर पर दुख व्यक्त करते हुए उन्होंने सांसद अमृतपाल सिंह, उनके सहयोगियों और देश भर की विभिन्न जेलों में बंद सभी ‘बंदी सिंहों’ (सिख कैदियों) की तत्काल रिहाई की मांग की।
मीडिया से बात करते हुए भीम सिंह ने कहा कि वह माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने और परिवार के दुख में शामिल होने आए हैं. उन्होंने सरकार से अपील की कि वह लंबे समय से जेल में बंद अमृतपाल सिंह, उनके सहयोगियों और अन्य सभी ‘बंदी सिंहों’ की जल्द रिहाई सुनिश्चित करे।


