नई दिल्लीः दिल्ली में शाहदरा के ज्वाला नगर इलाके में आज सुबह एक दो मंजिला मकान की छत गिरने से दो लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई और 4 लोग घायल हो गए। वहीं कई लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों को डॉक्टर हेडगेवर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। पुलिस और स्थानीय लोग रेस्क्यू में जुटे हैं।
बताया जा रहा है कि मरने वाले में तीन साल का बच्चा और 35 साल का युवक शामिल हैं। मृतक बच्चे का परिवार किराए पर रहता है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस और बचाव दल के साथ मिलकर मलबे में फंसे लोगों को निकालने में मदद की।
अब तक कुल छह लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है। सभी घायलों को इलाज के लिए डॉक्टर हेडगेवार अस्पताल भेजा गया है, जहां दो लोगों की मौत की खबर सामने आई है।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है। ऐसे में बचाव दल की ओर से मलबा हटाने और अंदर फंसे लोगों की तलाश का काम जारी है। फिलहाल मकान की छत गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।
