चंडीगढ़: हरियाणा सरकार द्वारा समय -समय पर किसानों को कई महत्वपूर्ण और व्यावहारिक लाभ देने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करवाए जाते हैं। इसी कड़ी में उद्यान विभाग के अंतर्गत आने वाले पुष्प एवं बीज उत्पादन तकनीकी उत्कृष्टता केन्द्र, मुनीमपुर (झज्जर) द्वारा किसानों के लिए एक विशेष पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी 23 नवंबर 2026 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसका मुख्य विषय ‘उन्नत तकनीकों द्वारा फूलों की खेती पर प्रशिक्षण’ है।
उक्त जानकारी देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 10 किसानों को शामिल किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक किसानों को बागवानी विभाग, हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइट http://kaushal.hortharyana.gov.in पर ऑनलाइन नामांकन करना होगा। ऑनलाइन पंजीकरण करने वाले पहले 10 किसानों को ही इस प्रशिक्षण में प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 नवंबर 2026 को शाम 03:00 बजे तक निर्धारित की गई है, और चयनित किसानों के नाम उसी दिन यानी 20 नवंबर 2026 को शाम 03:30 बजे वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे।
प्रवक्ता ने स्पष्ट किया है कि इस प्रशिक्षण के लिए प्रार्थी का हरियाणा राज्य का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है तथा उसकी न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 60 वर्ष होनी चाहिए. इसके अलावा, एक परिवार पहचान पत्र से केवल एक ही सदस्य आवेदन कर सकता है। चयनित किसानों को प्रशिक्षण के दौरान अपने साथ आधार कार्ड और परिवार पहचान पत्र की फोटोकॉपी लेकर आनी होगी।
