पंचकूलाः दिवाली की रात सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में उस समय हंगामा हो गया, जब दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद इमरजेंसी वार्ड तक पहुंच गया। अस्पताल में उपचार के लिए लाए गए चाकू मारने के आरोपी को देखते ही घायल पक्ष के परिजन और उसके दोस्तों ने हमला कर दिया। इसके बाद अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मी के साथ भी धक्का-मुक्की हुई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, दिवाली की रात मौली जांगरा क्षेत्र में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान एक पक्ष के व्यक्ति पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। घायल को उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, दूसरे पक्ष के जिस व्यक्ति पर चाकू मारने का आरोप था, उसे पुलिस ने पकड़ लिया और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लेकर पहुंची। बताया जा रहा है कि पुलिस जब आरोपी को लेकर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंची तो वहां घायल व्यक्ति के परिजन और दोस्त पहले से मौजूद थे। आरोपी को देखते ही वे भडक़ गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और इमरजेंसी वार्ड के अंदर दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। अचानक हुई इस घटना से अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति को संभालने के लिए पुलिसकर्मी ने बीच-बचाव करते हुए आरोपी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हुई धक्का-मुक्की में पुलिसकर्मी भी उलझ गया। मौके पर मौजूद अस्पताल के सुरक्षा कर्मचारियों और अन्य लोगों ने भी हस्तक्षेप कर मामला शांत करवाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका। इसके बाद आरोपी का मेडिकल करवाकर पुलिस उसे अपने साथ ले गई। अस्पताल में हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में इमरजेंसी वार्ड के अंदर दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है और पुलिस कर्मी भी धक्का मुक्की का शिकार हुआ है। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
