मोहालीः शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों द्वारा 70 लाख की ठगी करने का मामला सामने आया है। जहां न्यू चंडीगढ़ निवासी रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल 68 वर्षीय ओम प्रकाश से 70,19,608 रुपये ठग लिए। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने सोशल मीडिया पर निवेश का विज्ञापन दिखाकर उन्हें वाट्सएप ग्रुप से जोड़ा। जिसके बाद पीड़ित को फर्जी ट्रेडिंग एप डाउनलोड करवाकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई। इस दौरान उन्हें जाल में फंसाकर 70.19 लाख रुपए ठग लिए। ओम प्रकाश की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
दर्ज जीरो एफआईआर के मुताबिक, फेसबुक पर शार्ट टर्म निवेश से मुनाफे का विज्ञापन देखकर ओम प्रकाश वाट्सएप लिंक के जरिए करीब 150 सदस्यों वाले ग्रुप से जुड़े। सदस्यों के कहने पर उन्होंने (IISI NOXUS) एप डाउनलोड की। आरोपियों ने डीएमए अकाउंट खोलने के नाम पर उनसे पैन कार्ड और आधार कार्ड की जानकारी ली। दो सितंबर से 21 अक्टूबर 2026 के बीच ओम प्रकाश ने अलग-अलग तारीखों पर विभिन्न बैंक खातों में कुल 44 लाख रुपये जमा कर शेयर खरीदे।
एप पर उनके खाते में 2,61,96,000 रुपये का मुनाफा दिखाया गया। रकम निकालने के लिए 10 प्रतिशत ब्रोकर फीस के नाम पर उनसे 26,19,608 रुपये और जमा करवाए गए। बाद में 13 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई, जिसे उन्होंने देने से इनकार कर दिया। पीड़ित के अनुसार, ग्रुप में खुद को हेड लव चतुर्वेदी और अदिति बावद बताने वाले लोगों ने उन्हें निवेश के जाल में फंसाया। उन्होंने आरोपितों की पहचान, कानूनी कार्रवाई और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की है।
