जीरकपुरः बलटाना स्थित फर्नीचर मार्केट में एक बार फिर आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। घटना को लेकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद लोगों ने घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीमों द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया है। आग इतनी तेजी से फैली कि इसकी चपेट में आकर करीब 22 फर्नीचर शेड जलकर राख हो गए।
आगजनी में फर्नीचर और अन्य सामान जलने से कारोबारियों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों और दुकानदारों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। गौरतलब है कि बलटाना की फर्नीचर मार्केट में पहले भी आगजनी की घटनाएं हो चुकी हैं। बार-बार आग लगने की घटनाओं ने यहां कारोबार करने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कारोबारियों ने प्रशासन से मार्केट में आग से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
