जालंधर, ENS: जालंधर ईडी की टीम ने पूर्व उद्योग मंत्री व कांग्रेस नेता सुंदर शाम अरोड़ा, उनके बेटे और सहयोगियों के ठिकानों पर 2-3 नवंबर, 2026 रेड की थी। ईडी की ओर से जारी पत्र के अनुसार यह कार्रवाई पंजाब और चंडीगढ़ में 14 जगहों पर की गई थी। वहीं होशियारपुर में जोधा मल रोड स्थित उनके आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की 42 घंटे तक रेड चली। मिली जानकारी के अनुसार कार्रवाई पंजाब के पूर्व मंत्री, उनके बेटे प्रतीक अरोड़ा और उनके सहयोगियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति होने के मामले में की गई।
इस तलाशी के दौरान मोबाइल फोन, आपत्तिजनक दस्तावेज, संपत्ति के कागजात, PSIEC प्लॉट से जुड़े रिकॉर्ड और डिजिटल डिवाइस बरामद किए गए और जब्त किए गए। इसी के साथ बैंक लॉकर्स को भी फ्रीज/जब्त कर लिया गया। जिन जगहों पर तलाशी ली गई, उनमें होशियारपुर में सुंदर शाम अरोड़ा का घर, होशियारपुर का ‘शिवम हॉस्पिटल’, और चंडीगढ़ व मोहाली में ‘SRG बिल्डर्स एंड प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड’, ‘GRG डेवलपर्स एंड प्रमोटर्स LLP’, ‘गुलमोहर टाउनशिप इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ से जुड़ी जगहें शामिल हैं। इन कंपनियों के प्रमोटरों, निदेशकों और सहयोगियों के ठिकानों पर भी तलाशी ली गई।
ED की जांच से पता चला है कि मार्च 2017 से सितंबर 2021 तक पंजाब के उद्योग और वाणिज्य मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान, सुंदर शाम अरोड़ा का ‘पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन’ (PSIEC) के कामकाज पर सीधा नियंत्रण था। इस दौरान, उन्होंने PSIEC के महंगे औद्योगिक प्लॉट निजी रियल एस्टेट कंपनियों को ट्रांसफर करने में उन्हें अनुचित लाभ पहुंचाया।
इसके बदले में, उन्होंने अपने बेटे प्रतीक अरोड़ा के नाम पर उन रियल एस्टेट कंपनियों में हिस्सेदारी हासिल कर ली। बताया जा रहा हैकि ईडी टीम को बैंक रिकॉर्ड से कुछ सबूत मिले है। ईडी के सर्च ऑपरेशन के दौरान मोबाइल फ़ोन, आपत्तिजनक दस्तावेज़, प्रॉपर्टी से जुड़े कागज़ात, PSIEC प्लॉट से संबंधित रिकॉर्ड और डिजिटल डिवाइस ज़ब्त किए गए। साथ ही, बैंक लॉकर्स को भी फ्रीज़ कर दिया गया है। ईडी टीम द्वारा आगे की जांच जारी है।
