चंडीगढ़ः दिवाली और छठ पूजा के महापर्व के अवसर पर अपने घरों को जाने वाले प्रवासियों के कारण देशभर के मुख्य रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का भारी जनसैलाब उमड़ रहा है। उत्तर प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनों में सीटों के लिए मारामारी की स्थिति बनी हुई है। हालांकि भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुरक्षा के लिए भारतीय रेलवे द्वारा कई कड़े कदम उठाए गए हैं। वहीं स्पेशल ट्रेनों की भी सौगात दी गई है। लेकिन फिर भी रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली लाखों की भीड़ और महा-जाम किसी बड़े चैलेंज से कम नहीं है।
इसकी कुछ वीडियो भी सामने आई है। वीडियों में देखा जा सकता है कि भीड़ अधिक होने के कारण कहीं प्लेटफॉर्म पर पैर रखने की जगह नहीं, तो कहीं ट्रेन के अंदर यात्रियों को खड़े होने तक की जगह नहीं मिल रही। हर तरफ घर लौटने की जल्दी, सफर की मजबूरी और अपनों तक पहुंचने की उम्मीद दिखाई दे रही है। ऐसे में रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में उमड़ती यह भारी भीड़ कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
बताया जा रहा हैकि घर वापसी के लिए लंबी वेटिंग लिस्ट की प्रॉब्लम को खत्म करने के लिए रेलवे ने मास्टरस्ट्रोक खेला है। इस फेस्टिव सीजन में देश भर के लिए कई हजार एक्स्ट्रा फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन्स चलाई जा रही हैं। इससे यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने के चांस बढ़े हैं। वहीं रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एक जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाएं। सफर के दौरान पूरी तरह सतर्क और सचेत रहें। अगर स्टेशन या ट्रेन में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु नजर आती है, तो तुरंत पुलिस या रेलवे प्रशासन को सूचना दें। आपकी थोड़ी सी सावधानी आपके और बाकी यात्रियों के सफर को सुरक्षित बनाएगी।
