डेराबस्सीः मुबारिकपुर स्थित राधा कृष्ण मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का डेराबस्सी पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मंदिर से चोरी की गई पीतल और चांदी की मूर्तियों सहित बड़ी संख्या में अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाला एक व्यक्ति शामिल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 और 28 अक्टूबर की मध्यरात्रि मुबारिकपुर के राधा कृष्ण मंदिर में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाई थी। चोर मंदिर से कीमती मूर्तियां, पीतल के बर्तन और अन्य धार्मिक सामान चोरी करके फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना डेराबस्सी में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें मनीष कुमार निवासी बिहार, अनिल कुमार और अवनीश कुमार निवासी उत्तर प्रदेश तथा मनोहर निवासी गुरु नानक कॉलोनी, ढकोली शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मनोहर चोरी का सामान खरीदने का काम करता था।
पुलिस ने आरोपियों से दो बड़ी और छोटी गणेश जी की मूर्तियां, माता शेरावाली की मूर्ति, पीतल के दो गिलास, तीन थालियां, दो जोड़ी सामान, चांदी की एक जोड़ी, कुबेर भगवान की मूर्ति और एक बड़ा काला घंटा सहित चोरी का अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद माननीय अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि चोरी की अन्य वारदातों और इस गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी हासिल की जा सके।
