फगवाड़ाः सवारियों को छोड़कर बस स्टैंड जा रहे ऑटो चालक पर हमला हो गया। दरअसल, तीन अज्ञात युवकों द्वारा एक ऑटो चालक को घेरकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। हमले में ऑटो चालक घायल हो गया जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल फगवाड़ा में भर्ती करवाया गया है। जानकारी देते हुए पीड़ित सौरव ने बताया कि वह ऑटो चलाने का काम करता है।
देर रात वह बस स्टैंड से सवारी लेकर गया था, सवारी को छोड़ने के बाद जब वह वापस बस स्टैंड की तरफ जा रहा था तो रास्ते में एक युवक ने उसे गौसपुर जाने के लिए कहा। युवक ने स्थिति बताते हुए जल्द पहुंचने की बात कही जिसके चलते 200 रुपए किराया तय हुआ और वह ऑटो में बैठ गया। जब वह युवक को लेकर गौसपुर की ओर एक सुनसान स्थान पर पहुंचा तो ऑटो में बैठे युवक ने उसे ऑटो रोकने के लिए कहा।
इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अन्य युवक भी वहां पहुंच गए इसके बाद तीनों युवकों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने हाथों में पहने कड़ों से भी उस पर वार किए जिससे वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे सिविल अस्पताल फगवाड़ा पहुंचाया गया जहां उसका उपचार चल रहा है। पीड़ित सौरव का कहना है कि उसकी किसी के साथ कोई पुरानी रंजिश नहीं है और उसे समझ नहीं आ रहा कि युवकों ने उस पर हमला क्यों किया। घटना की सूचना फगवाड़ा पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
