पौड़ीः उत्तराखंड में पौड़ी मुख्यालय से करीब 6 किलोमीटर दूर खांड्यूसैंण के पास तेंदुए (गुलदार) ने हमला कर 4 वर्षीय बालिका को मार डाला। क्षेत्र में गुलदार के बढ़ते हमलों को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने रोष जाहिर किया है। मौके पर पहुंचे विधायक पौड़ी को ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक बंधक बनाया। आक्रोशित लोगों ने विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बच्ची का शव घर से करीब 200 मीटर दूर बरामद किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत बनी है।
वहीं 4 साल की आरुषि की मौत के बाद बुधवार को भी ग्रामीणों का गुस्सा जारी है। धरने पर बैठे लोगों को समझाने पहुंचीं एसडीओ आयशा बिष्ट को विरोध का सामना करना पड़ा। गुस्साए ग्रामीणों ने उन्हें करीब 15 मिनट तक एक कमरे में बंद रखा। इस दौरान डीएफओ के साथ भी धक्का-मुक्की हुई। देवप्रयाग-पौड़ी स्टेट हाईवे पर प्रदर्शन के बाद अब आक्रोशित ग्रामीण पौड़ी पहुंच गए हैं। वे एजेंसी चौक से डीएम कार्यालय जाएंगे। ग्रामीणों की नाराजगी की एक वजह डीएम का अब तक मौके पर नहीं पहुंचना भी है।
इससे पहले मंगलवार रात मौके पर पहुंचे विधायक राजकुमार पोरी का ग्रामीणों ने घेराव किया था। आक्रोशित भीड़ के कारण विधायक को करीब एक घंटे तक अपनी ही गाड़ी में बैठना पड़ा। इस दौरान एक महिला विधायक की गाड़ी के बोनट पर चढ़कर लात मारती भी दिखी। बुधवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद करीब 11:30 बजे NIT श्रीनगर घाट पर आरुषि का अंतिम संस्कार किया गया। परिजन पैतृक गांव के घाट पर अंतिम संस्कार करना चाहते थे, लेकिन प्रशासन के समझाने पर श्रीनगर में अंतिम संस्कार किया गया। इधर, वन विभाग ने गुलदार को मारने के आदेश जारी कर दिए हैं। मौके पर विभागीय शूटरों के साथ प्राइवेट शूटर जॉय हुकिल को भी तैनात किया गया है।
