नर्सरी व एलकेजी के ब्चचो ने नृत्य- गीतो से दिया मित्रता व पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बददी। विवेक इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल बद्दी में नर्सरी और एलकेजी के विद्यार्थियों का दो दिवसीय किंडरगार्टन क्लास शो ‘द ग्रेट कार्टून पार्टी’ उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। 3 और 4 नवंबर को हुए इस कार्यक्रम में नन्हे विद्यार्थियों ने अपने पसंदीदा कार्टून पात्रों के माध्यम से रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों ने संगीत, नृत्य और लघु प्रस्तुतियों के जरिए परिवार, मित्रता, दया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। नर्सरी के बच्चों ने डोरेमॉन की जादुई दुनिया को मंच पर जीवंत किया।
डोरेमॉन के शीर्षक गीत पर नृत्य विशेष आकर्षण रहा। प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों ने संदेश दिया कि माता-पिता और शिक्षक ही उनके जीवन के वास्तविक मार्गदर्शक हैं, जिनकी जगह कोई गैजेट नहीं ले सकता। ‘आज है संडे’ और ‘डूबी डूबी डम डम’ गीतों पर बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। एलकेजी के विद्यार्थियों ने ‘पेप्पा गेट्स रेडी फॉर स्कूल’ के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन किया। ‘बैक टू स्कूल’, ‘वेलकम टू पेप्पाज फैमिली’ और ‘कम ऑन एवरीवन’ जैसी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। ‘रेनी डे एडवेंचर’ और ‘लिटिल नेचर एडवेंचर’ के जरिए बच्चों ने प्रकृति की रक्षा का संदेश दिया। वहीं ‘लिटिल प्रॉब्लम, बिग फ्रेंडशिप’ और ‘ए हैप्पी वर्ल्ड’ जैसी प्रस्तुतियों में प्रेम, सहयोग, देखभाल और खुशियां बांटने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर स्कूल चैयरमेन मनोज कुमार ने बच्चों को नैतिक मूल्यों और अच्छे व्यवहार का महत्व समझाया। निदेशक (शैक्षणिक) तुषार शर्मा ने अभिभावकों से बच्चों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताने और उन्हें रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। कार्यक्रम का अंतिम चरण पांच नवंबर को यूकेजी के विद्यार्थियों की ‘थॉमस एंड फ्रेंड्स’ प्रस्तुति के साथ संपन्न होगा।
