होशियारपुरः कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के घर बीते दिन ईडी टीम ने रेड की थी। लेकिन ईडी द्वारा 24 घंटे से दस्तावेज खंगाले जा रहे है। ऐसे में एक बार फिर से पूर्व मंत्री की मुश्किलें बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। दरअसल, जोधा मल रोड स्थित उनके आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी है। सोमवार तड़के करीब 5 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम के साथ सुरक्षा के लिए CRPF के जवान तैनात हैं।
यह रेड मनी लॉन्ड्रिंग (PMLA) और आय से अधिक संपत्ति से जुड़े एक मामले में की जा रही है। एजेंसी ने अरोड़ा के घर को पूरी तरह से घेर रखा है और अंदर दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। किसी भी बाहरी व्यक्ति के अंदर जाने या अंदर से किसी के बाहर आने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई। यह छापेमारी दूसरे दिन भी लगातार जारी है।
ईडी की यह कार्रवाई सिर्फ सुंदर शाम अरोड़ा के घर तक ही सीमित नहीं है। एजेंसी के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जांच का दायरा काफी बड़ा है। ईडी की अलग-अलग टीमों ने पूर्व मंत्री के बेटे प्रतीक अरोड़ा और उनके व्यावसायिक सहयोगियों के ठिकानों पर भी एक साथ दबिश दी है। इनमें मार्बेला ग्रुप और गुलमोहर टाउनशिप ग्रुप जैसे बड़े रियल एस्टेट डेवलपर्स शामिल हैं। आरोप है कि अवैध रूप से कमाए गए पैसे को रियल एस्टेट और प्रमोटर्स के जरिए ठिकाने लगाया गया है।
