होशियारपुर: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार सुबह पंजाब के पूर्व उद्योग मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुंदर शाम अरोड़ा के होशियारपुर स्थित आवास पर छापेमारी की। ईडी की टीम सुबह करीब 5 बजे उनके घर पहुंची और परिसर को घेरने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया।
ईडी के अधिकारी चंडीगढ़ स्थित कार्यालय से पहुंचे थे। सुंदर शाम अरोड़ा के वकील एडवोकेट एचएस सैनी ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने तलाशी के उद्देश्य के बारे में कोई जानकारी नहीं दी, लेकिन कुछ दस्तावेज मांगे हैं।
सुंदर शाम अरोड़ा के आवास पर इससे पहले आयकर विभाग भी व्यापक तलाशी अभियान चला चुका है। यह कार्रवाई करीब तीन दिन यानी लगभग 62 घंटे तक चली थी। उस समय अरोड़ा ने दावा किया था कि आयकर विभाग की कार्रवाई उनके बेटे के प्रॉपर्टी कारोबार से संबंधित थी। उन्होंने कहा था कि तलाशी के दौरान अधिकारियों को कुछ भी अवैध नहीं मिला।
फिलहाल ईडी की ताजा कार्रवाई के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। एजेंसी ने किन दस्तावेजों की मांग की है, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है। इस दौरान पूर्व मंत्री के वकील घर पहुंचे, जहां उन्होंने वकील से दस्तावेज मांगें है। साथ ही उन्होंने रेड को लेकर कोई जानकारी नहीं दी। खबर लिखे जाने तक प्रवर्तन निदेशालय की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
