फरीदाबादः सेक्टर-91 में आवारा गाय ने घर के बाहर खड़े 4 साल के बच्चे और करीब 50 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया। गाय ने पहले बच्चे को निशाना बनाया, लेकिन महिला ने उसे बचा लिया। इसके बाद गाय महिला को सड़क पर पटककर सींगों और पैरों से हमला करती रही। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में घर के बाहर खड़ी महिला और उसके साथ बच्चा दिखाई देते हैं। तभी अचानक गाय बच्चे की तरफ दौड़ती है। महिला बच्चे को खींचकर बचा लेती है, लेकिन गाय उस पर हमला कर उसे सड़क पर गिरा देती है।
बच्चे को बचाने के लिए महिला उसे अपनी बाहों में लपेटकर कसकर पकड़े रहती है। कई बार गाय के हमले होने के बाद भी महिला बच्चे को नहीं छोड़ती और अपने ऊपर सारे वार झेलती रहती है। इसके बाद एक पड़ोसी बच्चे को उनसे छीनकर अलग ले जाता है। वीडियो में गाय महिला को जमीन पर गिराकर सींगों और पैरों से हमला करती दिखाई देती है। शोर सुनकर कई लोग डंडे लेकर पहुंचते हैं और गाय को भगाने की कोशिश करते हैं। काफी देर तक डंडे मारने के बाद गाय महिला को छोड़ती है। शोर सुनकर आसपास के लोग डंडे लेकर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद गाय को भगाया।
महिला को कई जगह चोटें आई हैं, जबकि बच्चे को हल्की चोट लगी है। काफी कोशिशों के बाद गाय महिला को छोड़कर वहां से चली गई। स्थानीय लोग महिला को डॉक्टर के पास ले गए, जहां उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। फिलहाल उनका घर पर इलाज चल रहा है। बच्चे को भी हल्की चोटें आई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में आवारा पशुओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उन्होंने नगर निगम से इन्हें पकड़कर गोशालाओं में भेजने की मांग की है। वहीं नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी (एमओएच) नीतीश परवाल ने बताया कि निगम लगातार सड़कों से आवारा पशुओं को हटाने का काम कर रहा है। पकड़े गए पशुओं को गोशालाओं में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो लोग अपने घरों से पशुओं को छोड़ रहे हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
