बाद में EMI देना किया बंद, मामला दर्ज
ऊना। पुलिस थाना चिंतपूर्णी के तहत गाड़ी की किस्तें और अन्य खर्च उठाने का भरोसा देकर हुंडई क्रेटा खरीदवाने तथा बाद में भुगतान बंद कर गाड़ी वापस न करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नारी निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में चेतन शर्मा निवासी चपरोह, तहसील अंब ने बताया कि वर्ष 2024 में उनके पिता की मृत्यु के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी। इसी दौरान नारी निवासी दीपांशु शर्मा ने उन्हें हुंडई क्रेटा गाड़ी खरीदने के लिए कहा।
शिकायतकर्ता के अनुसार दीपांशु ने भरोसा दिलाया था कि वह गाड़ी की सभी ईएमआई और अन्य खर्च उठाएगा तथा उसे हर महीने 6,000 रुपये भी देगा। आरोप है कि दीपांशु शर्मा ने कुछ समय तक गाड़ी की किस्तें अदा कीं, लेकिन बाद में ईएमआई और अन्य खर्च देना बंद कर दिया। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि उसकी गाड़ी भी वापस नहीं की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
