पठानकोट: देशभर में मनाए जा रहे ‘विजिलेंस अवेयरनेस वीक’ (सतर्कता जागरूकता सप्ताह) के तहत आज पठानकोट में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए एक विशेष जागरूकता रैली निकाली गई। यह सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पूरे भारत में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर विजिलेंस इंस्पेक्टर विक्रांत सालरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज से रिश्वतखोरी को पूरी तरह समाप्त करना है।
उन्होंने कहा कि कोई भी नागरिक किसी भी काम के बदले किसी को रिश्वत न दे। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत विजिलेंस विभाग से इसकी शिकायत करें। इसी कड़ी में आज पठानकोट स्थित मक्खन शाह लुभाना सीनियर सेकेंडरी गर्ल्स स्कूल की छात्राओं के साथ मिलकर शहर में एक जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली के जरिए लोगों को संदेश दिया गया कि किसी भी तरह के भ्रष्टाचार को बर्दाश्त न करें और बिना रिश्वत दिए अपने कानूनी कार्य करवाएं। सामने आने से हिचकने वाले लोगों के सवाल पर अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विभाग के पोस्टरों पर एंटी करप्शन ब्यूरो व विजिलेंस के संपर्क नंबर और टोल-फ्री नंबर उपलब्ध हैं, जिन पर लोग अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि किसी भ्रष्ट कर्मचारी को रंगे हाथों (रेड-हैंडेड) पकड़वाने के लिए शिकायतकर्ता का सामने आना आवश्यक होता है।
