पठानकोटः करवा चौथ के त्योहार को लेकर बाजारों में जोरदार रौनक देखने को मिल रही है। मेन बाजार स्थित ‘भंडारी हाउस ऑफ ब्यूटी’ के संचालक रामपाल भंडारी ने बताया कि त्योहारी सीजन शुरू होते ही महिलाएं सजने-संवरने के सामान की खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि पुरानी दुकान को बंद करके अब उन्होंने मेन बाजार में नया शोरूम शुरू किया है, जहां कॉस्मेटिक और ज्वेलरी के बेहतरीन विकल्प उपलब्ध करवाए गए हैं।
रामपाल भंडारी ने जानकारी दी कि इस साल बाजारों में कश्मीरी चूड़ियों और कश्मीरी घुंघरू का जबरदस्त ट्रेंड देखा जा रहा है। ग्राहकों की मांग को देखते हुए 100 से अधिक नए डिजाइन मंगवाए गए हैं। इसके अलावा फिरोजाबाद, हैदराबाद, कोलकाता, दिल्ली और जयपुर की प्रसिद्ध चूड़ियां, कश्मीरी झुमके और पारंपरिक बिंदियां महिलाओं को खूब आकर्षित कर रही हैं। नेशनल और इंटरनेशनल ब्रांड्स के कॉस्मेटिक्स की भी बाजार में अच्छी मांग बनी हुई है।
त्योहारी रौनक के बीच संचालक ने व्यापारियों की समस्याओं पर भी रोशनी डाली। उनका कहना है कि कॉस्मेटिक्स पर लगभग 18 प्रतिशत जीएसटी होने और ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन के कारण स्थानीय दुकानदारों को काफी असर पड़ रहा है। ऑनलाइन सस्ते विकल्पों के चलते बाजारों के पारंपरिक व्यापार पर प्रभाव पड़ रहा है, जिसको लेकर सरकार को जरूरी कदम उठाने चाहिए।
