मानसाः परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड को लेकर संघर्ष अभी भी जारी है। परिवार इंसाफ की गुहार लगा रहा है। परिवार द्वारा अभी तक झोटे का अंतिम संस्कार नहीं किया गया। इसी के बीच पंजाब सरकार ने केस को लेकर सख्त एक्शन लिया है। सरकार की ओर से मानसा जिले की तीनों सब-डिवीजनों के डीएसपी बदल दिए गए हैं।

हालांकि मानसा के डीएसपी हरजिंदर सिंह गिल पहले ही निलंबित किए जा चुके हैं। उनकी जगह डीएसपी (डी) पुष्पिंदर सिंह गिल को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था। अब तीन एसपी स्तर के अधिकारी भी अस्थायी तौर पर मानसा में तैनात किए गए हैं।
स्पेशल डीजीपी (एच) की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, फतेहगढ़ साहिब में डीएसपी कमांड सेंटर रहे गुरप्रताप सिंह को मानसा, बठिंडा ग्रामीण के डीएसपी हरविंदर सिंह सरां को सरदूलगढ़ और बठिंडा स्पेशल ब्रांच के डीएसपी सरबजीत सिंह बराड़ को बुढलाडा का डीएसपी नियुक्त किया गया है। बुढलाडा के डीएसपी सिकंदर सिंह का तबादला संगरूर की लड्डा कोठी में किया गया है।
