बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिला कारागार से अदालत में पेशी के लिए लाया गया बंदी सचिन सिंह ठाकुर अदालत की हाजत से फरार हो गया और इस सिलसिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना 21 अक्टूबर की है और ठाकुर जिले के सुभाषनगर का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि संबंधित पुलिसकर्मी तीन दिन तक अपने स्तर पर ही उसकी तलाश करते रहे, लेकिन मामले की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने शनिवार को आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (प्रथम) आशुतोष शिवम ने शनिवार को बताया कि 21 अक्टूबर को बंदी सचिन को अदालत में पेशी के लिए लाया गया था। इसी दौरान वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, सचिन को जिला कारागार से अदालत में पेशी के लिए लाया गया था और इसी दौरान वह अदालत की हाजत से फरार हो गया। अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, बंदी के फरार होने के मामले में कोतवाली थाने में सचिन और आठ पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। विभागीय कार्रवाई के तहत सभी आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए निगरानी, विशेष अभियान समूह (SOG), कोतवाली और सुभाषनगर थाने की पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।