RFSL की रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई, नलवाड़ी के पास जांच के दौरान हुआ था संदेह
ऊना: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बंगाणा पुलिस ने नशा सेवन की पुष्टि होने पर हमीरपुर जिले के तीन व्यक्तियों के खिलाफ ND&PS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने फॉरेंसिक रिपोर्ट और चिकित्सा अधिकारी की अंतिम राय के आधार पर यह कार्रवाई की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर 2026 की रात को SI मान सिंह के नेतृत्व में बंगाणा पुलिस की टीम नलवाड़ी के पास गश्त और यातायात जांच कर रही थी। इसी दौरान एक कार में सवार तीन व्यक्तियों पर नशा सेवन का संदेह हुआ। पुलिस ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बंगाणा में मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा।
तीनों की पहचान राजेश कुमार निवासी वार्ड नंबर-1, वडसर, जिला हमीरपुर, सुधांशु कुमार निवासी मैहरे, तहसील वडसर, जिला हमीरपुर और रोहित कुमार निवासी टिक्कर राजपूतां, डाकघर बुम्बलोह, तहसील वडसर, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।
मेडिकल परीक्षण के दौरान लिए गए नमूनों को रासायनिक विश्लेषण के लिए क्षेत्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (RFSL) भेजा गया था। 21 अक्तूबर 2026 को आई RFSL रिपोर्ट और चिकित्सा अधिकारी की अंतिम राय में तीनों व्यक्तियों के नमूनों में नशे के सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ ND&PS एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर लिया। मामले की जांच जारी है।
नशे से दूर रहने की अपील
जिला पुलिस ऊना ने आम जनता से नशे से दूर रहने और नशे के सेवन व अवैध गतिविधियों से जुड़े प्रलोभनों से बचने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।
