शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज रोहड़ू के चंद्रनाहन रंगमंच के कलाकारों को लोक भवन में चाय पर आमंत्रित किया और उनकी शानदार नाट्य प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया। यह पूरी नाट्य मंडली के लिए एक भावुक क्षण था, जब राज्यपाल ने कलाकारों के साथ बैठकर अनौपचारिक बातचीत की और व्यक्तिगत रूप से उन्हें सम्मानित किया।

यह अवसर 12 अक्तूबर को शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में वरिष्ठ साहित्यकार एस. आर. हरनोट के चर्चित उपन्यास ‘हिडिम्बा’ पर आधारित नाटक ‘मुखौटासुर’ के मंचन के बाद आया। चंद्रनाहन रंगमंच, रोहड़ू के कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय से ऐसा प्रभावशाली वातावरण निर्मित किया कि राज्यपाल देर रात तक थिएटर से नहीं जा सके। नाटक के दौरान कई अवसरों पर वे भावुक भी नजर आए।

नाटक के निर्देशक कृष्ण भारती ने राज्यपाल को नाटक के मंचन की तैयारियों तथा रंगमंच की अन्य गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान कलाकारों ने भी राज्यपाल के साथ अपने अनुभव साझा किए। इसके उपरांत, कलाकारों ने ऐतिहासिक लोक भवन का भ्रमण भी किया। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज भी उपस्थित थे।
