नूंहः नूंह स्थित सोहना बॉर्डर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नूंह पुलिस और वांछित गौ-तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी शाहिद उर्फ आडवाणी की मौत हो गई है।
वीरवार तड़के लगभग 4 बजे फिरोजपुर झिरका सीएस एक वांछित अपराधी शाहिद उर्फ आडवाणी पुत्र जुम्मे खां निवासी खड़खड़ी तावडू का पीछा कर रही थी। पीछा करते जब टीम गांव सिलानी थाना सोहना क्षेत्र में पहुंची तो शाहिद ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
अपने बचाव में सीएस स्टाफ फिरोजपुर झिरका ने भी क्रॉस फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से शाहिद उर्फ आडवाणी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत सोहना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को सोहना मोर्चरी में रखा गया है।
बताया जा रहा है कि शाहिद उर्फ आडवाणी गौ-तस्करी का शातिर अपराधी था और उस पर कई मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी एक बार पुलिस हिरासत से भाग चुका था, जिसे बाद में गिरफ्तार किया गया था। घटना के बाद थाना प्रबंधक रोजकामेव सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल मौके पर कानून व्यवस्था शांतिपूर्ण बनी हुई है।
