पठानकोटः पंजाब सरकार ओर पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों व नशा तस्करों के विरुद्ध छेड़े गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 7.8 किलो हेरोइन बरामद कर एक महिला सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी मनप्रीत सिंह ने बताया कि 12 अक्टूबर 2026 को थाना सदर के मुख्य अधिकारी पुलिस टीम के साथ गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी के दौरान अड्डा सरना में मौजूद थे। उसी दौरान एक गुप्त मुखबिर ने सूचना दी कि एक व्यक्ति अमृतसर से हेरोइन लाकर पठानकोट क्षेत्र में सप्लाई करने का काम करता है।
वह इस समय भी नशे की खेप पहुंचाने के लिए आया हुआ है और सरना से बहलोलपुर गांव की ओर पैदल जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गांव बहलोलपुर मार्ग पर नाकाबंदी की। मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर दाहिने हाथ में लाल रंग का बैग लिए जा रहे एक युवक को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो वह भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी की पहचान गुरवंत सिंह पुत्र जस्सा सिंह, निवासी ग्राम वडाला वीरम (थाना मजीठा, जिला अमृतसर) के रूप में दी। देहात के डीएसपी की उपस्थिति में जब आरोपी के बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से 541 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना सदर पठानकोट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-61-85 के तहत मामला संख्या 155 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
किराए के मकान से भारी खेप बरामद की गई। पुलिस पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर गुरदासपुर जिले के फतेहगढ़ चूड़ियां स्थित गुरु लाल जी कॉलोनी में उसके किराए के मकान पर छापा मारा गया। वहां से पुलिस ने करीब 7.3 किलो हेरोइन की एक और बड़ी खेप बरामद की। इस प्रकार पूरे मामले में कुल 7.8 किलो हेरोइन जब्त की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि इस नेटवर्क में उसकी साथी चरणजीत कौर पत्नी राजू मसीह, निवासी ग्राम ध्यानपुर कोटली (जिला गुरदासपुर) भी संलिप्त थी। पुलिस ने मामले में धारा 61(2) बीएनएस तथा 29-61-85 एनडीपीएस जोड़ते हुए 13 अक्टूबर 2026 को उसे भी नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि आरोपी गुरवंत सिंह पहले से ही 3 आपराधिक मामले दर्ज है। दोनों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ कर नशे के इस पूरे सिंडिकेट, सप्लायरों और खरीदारों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग जुटाए जाएंगे।
