फरीदकोटः मानसा में परविंदर सिंह झोटा कत्ल का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा। हालांकि आज राजस्थान से मुख्य आरोपी अश्विनी कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन फिर भी लोगों में भारी रोष पाया जा रहा है। इसी के विरोध में भाजपा के आहवान पर राज्य के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं फरीदकोट में प्रदर्शन कर रहे जिला प्रधान संदीप सिंह सन्नी बराड़ को हिरासत में लिया गया है।
गौरतलब है कि कल की घटना के बाद भाजपा ने पूरे राज्य में प्रदर्शन करने का एलान किया था। ऐसे में घंटा घर चौक पर भाजपा नेताओं की तरफ से रोष प्रदर्शन किया। इसके बाद जब प्रदर्शनकारी एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना देने पहुंचे तो पुलिस ने जिला प्रधान सन्नी बराड़ सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। जिला भाजपा कमेटी की ओर से परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के विरोध में रोष प्रदर्शन करने का कार्यक्रम रखा गया था।
प्रदर्शन के बाद भाजपा नेताओं द्वारा एसएसपी कार्यालय के समक्ष धरना देकर मामले में इंसाफ की मांग की जानी थी। जैसे ही संदीप सिंह सन्नी बराड़, जिला महासचिव गगन सेठी, हरचरण सिंह संधू, डॉ. रमनदीप सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय के सामने पहुंचे तो वहां तैनात पुलिस टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान भाजपा जिला प्रधान संदीप सिंह सन्नी बराड़ ने कहा कि पंजाब में दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं, लेकिन ऐसी घटनाओं में पीड़ित परिवारों को इंसाफ दिलाने की बजाय रोष प्रदर्शन करने वाले लोगों को हिरासत में लिया जा रहा है।
