मानसाः पंजाब के मानसा में एंटी-ड्रग टास्क फोर्स के प्रमुख परविंदर सिंह झोटा की हत्या कर दी गई है। मंगलवार सुबह एक मेडिकल स्टोर के मालिक ने गोलियां मारकर परविंदर झोटा का कत्ल कर दिया। झोटा पर गोलियां इतनी करीब से चलाई गईं कि वे परविंदर सिंह झोटा के शरीर के आर-पार हो गईं। वहीं इस घटना को लेकर परिवार धरने पर बैठ गया है और इंसाफ की मांग कर रहा है। दूसरी ओर सभी स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया गया है।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद अस्पताल पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दोषियों को 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया जाएगा और उनके खिलाफ़ सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परविंदर झोटा के पिता ने घोषणा की कि वे अपने बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। ऐसे में वह एक कमेटी का गठन करेंगे और धरना प्रदर्शन करेंगे, उसके बाद ही आगे का फ़ैसला लिया जाएगा।
