ऊना,सुशील पंडित: राजकीय महाविद्यालय ऊना के आतिथ्य में आयोजित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर-महाविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी पुरुष एवं महिला वर्ग में रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में अपनी टीमों के लिए जीत हासिल करने का प्रयास किया। दूसरे दिन के पहले मुकाबले में पुरुष वर्ग में राजकीय महाविद्यालय ऊना एवं राजकीय महाविद्यालय सोलन की टीमें आमने-सामने रहीं। इस मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय ऊना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोलन को 6-0 से पराजित किया। ऊना की टीम ने मुकाबले में कुल 6 गोल किए, जबकि सोलन की टीम कोई गोल नहीं कर सकी।
महिला वर्ग में राजकीय महाविद्यालय ऊना एवं राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर के बीच खेले गए मुकाबले में ऊना की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 7-0 से जीत दर्ज की। ऊना ने मुकाबले में 7 गोल किए, जबकि बिलासपुर की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। महिला वर्ग के एक अन्य मुकाबले में पांवटा साहिब कॉलेज एवं राजकीय महाविद्यालय सोलन की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। इसमें पांवटा साहिब कॉलेज ने सोलन कॉलेज को 7-0 से हराकर जीत दर्ज की।
पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में एसवीजीसी घुमारवीं एवं पांवटा साहिब कॉलेज की टीमें आमने-सामने रहीं। रोमांचक मुकाबले में पांवटा साहिब कॉलेज ने घुमारवीं को 2-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में महिला वर्ग में बिलासपुर एवं सोलन के बीच तथा पुरुष वर्ग में घुमारवीं एवं सोलन के बीच तीसरे स्थान के लिए मुकाबले खेले जाने हैं।
