शिमलाः हिमाचल की राजधानी शिमला के ढली के समीप भूस्खलन होने की घटना सामने आई है। जहां अचानक पहाड़ों से सड़क किनारे पत्थर गिर गए। दरअसल, ढली बाईपास में पहाड़ी दरकने से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरे। जिस समय यह घटना हुई, वहां सड़क के दूसरी तरफ काफी संख्या में लोग और वाहन थे। मलबा गिरते देख लोगों ने भागकर जान बचाई। गनीमत रही कि घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है। सड़क से गुजर रहे वाहन मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। पहाड़ी दरकने के बाद ढली बाईपास पर यातायात को वन-वे कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। लोक निर्माण विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया। हालांकि, पहाड़ी से दोबारा भूस्खलन होने और पत्थरों के सड़क पर गिरने का खतरा अभी भी बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, निजी प्लाट की कटिंग को ही भूस्खलन का संभावित कारण माना जा रहा है। पहाड़ी की स्थिति को देखते हुए दोबारा मलबा और पत्थर सड़क पर आने की आशंका बनी हुई है।
लोक निर्माण विभाग ने वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार, यदि बारिश अधिक होती है तो भूस्खलन का खतरा और बढ़ सकता है। फिलहाल सड़क की डबल लेन खुली हुई है और यातायात सामान्य रूप से संचालित किया जा रहा है। मौके पर पत्थरों को हटाने का काम जारी है, ताकि सड़क पर आवाजाही सुरक्षित तरीके से बनी रहे। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से पहाड़ी के संवेदनशील हिस्से के पास अनावश्यक रूप से रुकने से बचने और मौसम खराब होने की स्थिति में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
