रोपड़ः मंडी में हाइब्रिड धान की खरीद पर को लेकर किसानों ने आज हाईवे जाम कर दिया है। ऐसे में वाहनों की लंबी कतारें लग गई है। मिली जानकारी के अनुसार किसानों ने प्रति क्विंटल 5 किलो कटौती के विरोध में चंडीगढ़-मनाली हाईवे जाम कर दिया। किसानों का आरोप है कि सेलर मालिक हाइब्रिड धान खरीदने के लिए प्रति क्विंटल 5 किलो कटौती की शर्त रख रहे हैं। किसानों ने इसे सीधे तौर पर लूट बताते हुए विरोध जताया।
हाईवे करीब 3 घंटे तक बंद रहने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत शुरू की। प्रशासन की ओर से मंडी में जमा धान की लिफ्टिंग के लिए गाड़ियां भेजने का आश्वासन दिया गया। हालांकि, किसान संगठनों की बैठक के दौरान हाईवे पर यातायात बंद रहा।
पंजाब मोर्चा के कन्वीनर गौरव राणा ने कहा कि किसानों की फसल करीब 15 दिन पहले तैयार हो चुकी है, लेकिन अब खरीद में दिक्कतें पैदा की जा रही हैं। उन्होंने मंडी में धान की लिफ्टिंग नहीं होने पर भी सवाल उठाए। भारतीय किसान यूनियन बेरामके के उपाध्यक्ष तारणवीर सिंह सिद्धू ने कहा कि 17 तारीख से किसानों की यह समस्या अधिकारियों के संज्ञान में है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कटौती की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। किसानों ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी कीमत पर 5 किलो प्रति क्विंटल कटौती स्वीकार नहीं करेंगे।
