रोपड़: नागी ज्वैलर्स की दुकान पर एक युवक द्वारा करीब एक लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। नागी ज्वैलर के मालिक ने जानकारी देते हुए बताया कि कल शाम उनके पास एक लड़का आया और उसने महिलाओं की अंगूठी देखने की मांग की। जब उन्हें अंगूठी दिखाई गई, तो उसने उसे पसंद कर लिया और स्कैनर लेकर गूगल पे से पेमेंट करने की बात कही।
उसने फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर सुनार को चूना लगा दिया। इसके बाद युवक ने टॉप्स दिखाने की मांग की और टॉप्स पसंद करने के बाद फिर से गूगल पे से पेमेंट करने की बात कही। उसने फिर से फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाया और सोने के गहने लेकर रफूचक्कर हो गया। जब ज्वैलर को इस बात का पता चला, तो उसने उस नंबर पर फोन करके बात करने की कोशिश की।
लेकिन ट्रूकॉलर पर ‘गोल्ड फ्रॉड’ दिखाई दिया। यह देखकर उसे समझ आ गया कि उसके साथ ठगी हो चुकी है, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। एसएचओ पवन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि नागी ज्वैलर की ओर से उन्हें धोखाधड़ी की एक शिकायत मिली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
