फरीदाबादः हरियाणा के फरीदाबाद में एक युवक की उसके 17 साल के दोस्त ने हत्या कर देने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी ने परिजनों और पुलिस को युवक के सेल्फी लेते झील में डूबने की झूठी कहानी सुनाई। इतना ही नहीं वह पुलिस के साथ मिलकर झील में शव की तलाश भी कराता रहा। आरोपी के बार-बार बयान बदलने पर पुलिस को शक हुआ।
सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर सोमवार रात करीब साढ़े 8 बजे शव झील से करीब 200 मीटर दूर पहाड़ में पत्थरों के बीच से बरामद किया गया। धौज थाना पुलिस ने आरोपी और उसके पिता के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। हत्या की वजह सामने नहीं आई है।
मूल रूप से मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी गौरेलाल ने बताया कि वह पिछले 20 साल से सिरोही गांव में किराए का कमरा लेकर रह रहे हैं। वह चिनाई मिस्त्री हैं। उनके पांच बेटे हैं, सभी मजदूरी करते हैं।
गौरेलाल के मुताबिक 4 अक्टूबर की शाम करीब 4 बजे उनके चौथे नंबर के बेटे राजकुमार (19) को पड़ोस में रहने वाले दोस्त ने कॉल करके बुलाया था। देर शाम तक राजकुमार घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसके बारे में पता किया। इस दौरान दोस्त ने बताया कि राजकुमार और वह झील पर घूमने गए थे। राजकुमार सेल्फी ले रहा था। सेल्फी लेते समय उसका पैर फिसल गया और वह पानी में डूब गया।
मामले की सूचना धौज थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने SDRF की टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से राजकुमार की तलाश शुरू की। सोमवार सुबह से झील में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन रात तक शव नहीं मिला।
राजकुमार के परिजनों को पड़ोसी युवक की बातों पर पहले से शक था, क्योंकि वह बार-बार अपनी बातें बदल रहा था। जिसके बाद पुलिस शाम को युवक को अपने साथ ले गई और उससे सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली। युवक पुलिस को उस जगह लेकर गया, जहां उसने राजकुमार का शव छिपाया था। उसकी निशानदेही पर सोमवार रात करीब साढ़े 8 बजे राजकुमार का शव झील से करीब 200 मीटर दूर पहाड़ में पत्थरों के बीच से बरामद किया गया।
पुलिस ने युवक और उसके पिता जमशैद के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने अभी तक दोनों में से किसी को गिरफ्तार नहीं किया है।
