मनोरंजन: बॉलीवुड में जब भी कोई फिल्म लोगों को पसंद आती है तो उसका असर सिर्फ थिएटर्स तक ही नहीं रहता। अब ऐसा ही कुछ इन दिनों फिल्म हनुमान अंश के साथ हो रहा है। विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी फिल्म को लोग काफी पसंद कर रहे है। आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा के जीवन और उनके प्रभाव पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों का इतना प्यार मिल चुकी है कि वीकेंड पर नैनीताल में स्थित कैंची धाम में भक्तों की भीड़ उमड़ गई है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने के बाद इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसी के बीच अब ‘द कश्मीर फाइल्स’ के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री का बयान सामने आया है जिससे इंटरनेट पर नई बहस छिड़ चुकी है।
सरकार धर्म पर टैक्स लगाना शुरु कर दे
कैंची धाम में उमड़ी भीड़ के बाद विवेक अग्निहोत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक तीखी पोस्ट शेयर की है। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा कि – ‘अगर सरकार धर्म पर टैक्स लगाना शुरु कर दे तो भारत रातों-रात दुनिया का सबसे अमीर देश बन जाएगा। उन्होंने इसका कारण बताते हुए आगे लिखा कि ऐसा इसलिए नहीं होगा कि लोग टैक्स भरेंगे बल्कि इसलिए होगा क्योंकि लोग धर्म के पीछे भागना छोड़कर इनोवेशन, तरक्की, प्रोडक्टविटी और नए विचारों पर ध्यान देने लग जाएंगे। लोग इसको किसी चमत्कार या फिर दैवीय मदद के भरोसे बैठने की जगह खुद मेहनत करके अमीर बनने की कोशिश करेंगे’।
If only the government could tax religion, India would become the richest country overnight.
Not because people would pay the tax. But because they would quit religion and start focusing on innovation, progress, productivity and ideas.
They would finally try to become rich themselves, instead of waiting for miracles or divine interventions.
— Vivek Ranjan Agnihotri (@vivekagnihotri) October 4, 2026
कैंची धाम में उमड़े श्रद्धालु
इसी के बीच नैनीताल का कैंची धाम एक बार फिर से आस्था का बड़ा केंद्र बन गया है। मौसम में आ रहे बदलाव के साथ ही यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भारी इजाफा भी देखा जा रहा है। सुबह से लेकर शाम तक मंदिर परिसर में बाबा के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई हैं। देश के कोने-कोने से लोग नीम करौली महाराज का आशीर्वाद लेने के लिए नैनीताल में पहुंच रहे हैं। वहीं हनुमान अंश फिल्म के बाद कैची धाम को लेकर लोगों में और भी दिलचस्पी बढ़ चुकी है।
बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर रही है हनुमान अंश
वहीं फिल्म के बिजनेस की बात करें तो हनुमान अंश ने कमाई के मामले में झंडे गाड़ दिए हुए हैं। रिलीज के 58वें दिन भी फिल्म लोगों के द्वारा पसंद की जा रही है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने अभी तक 379.96 करोड़ रुपये का ग्रॉस और 321.73 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं यदि दुनिया भर में इसकी कमाई की बात करें तो फिल्म अभी तक 419.46 करोड़ रुपये कमा चुकी है।
