हिसारः न्यू मॉडल टाउन रोड पर 2 होटलों में सोमवार देर रात पुलिस ने अचानक रेड की। पुलिस ने दोनों होटलों से 22 युवतियों और 19 युवकों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। साथ ही पुलिस ने दोनों होटलों के मैनेजर को भी गिरफ्तार कर लिया है। जिनके खिलाफ अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक युवतियों को दिल्ली और गुरुग्राम से देह व्यापार के लिए हिसार लाया गया था। युवतियां होटल में ही रहती थी। अनैतिक गतितिधियों की शिकायतों के बाद पुलिस की टीमें होटल पहुंची। एसपी प्रिया के नेतृत्व में पुलिस की टीमों ने रात 12 बजे हिसार के होटल 999 और होटल राज में छापेमारी की। कार्रवाई से पहले पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बोगस ग्राहक बनाकर होटल में भेजे। निर्धारित इशारा मिलने के बाद दोनों होटलों में दबिश दी गई। डॉग स्क्वायड की टीम भी कार्रवाई में शामिल रही।
पहले होटल 999 में पुलिस ने दबिश दी। मौके पर मैनेजर हांसी के कौथ कलां गांव निवासी कुलदीप को काबू किया गया। होटल के कमरा नंबर 205 में बोगस ग्राहक के साथ एक महिला मिली। महिला की मेकअप किट की तलाशी लेने पर आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने नियमानुसार कब्जे में ले लिया। जिसके बाद पुलिस टीम ने होटल राज में कार्रवाई की। यहां मैनेजर कैथल निवासी अंकुश को काबू किया गया। होटल के कमरा नंबर 112 में बोगस ग्राहक के साथ एक महिला मिली। दोनों होटलों से बरामद कुल 1,000 रुपए और आपत्तिजनक सामान को पुलिस ने अलग-अलग पैकेट में सील कर बतौर साक्ष्य कब्जे में लिया।
पुलिस के अनुसार रेड के दौरान होटल राज में 9 युवतियां और 8 युवक, जबकि होटल 999 में 13 युवतियां और 11 युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। दोनों होटल मैनेजर पैसे कमाने के उद्देश्य से बाहर से महिलाओं को बुलाकर होटलों में देह व्यापार करवा रहे थे। अर्बन एस्टेट हिसार में अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम, 1956 की धारा 3(2)(A), 3(2)(B), 4 और 5 के तहत केस दर्ज किया है।